टेक्निकल फॉल्ट से रद्द हुई एयर इंडिया की ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट, यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानें

Aug 18, 2025 - 14:31
 0  108
टेक्निकल फॉल्ट से रद्द हुई एयर इंडिया की ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट, यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानें

मुंबई (आरएनआई) एयर इंडिया ने सोमवार को कहा कि उसने 17 अगस्त को ज्यूरिख से दिल्ली आने वाली उड़ान तकनीकी कारणों से रद्द की। टाटा समूह के स्वामित्व वाली इस एअरलाइन ने कुछ दिन पहले दावा किया था कि उसने अपने बोइंग 787 विमान बेडे़ के व्यापक जांच की है और उसे उनमें कोई खराबी नहीं मिली। 

एक यात्री ने बताया कि उड़ान ने आखिरी पल में टेक-ऑफ रोक दिया, क्योंकि इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी। पिछले दो दिनों में  एयर इंडिया ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए दो उड़ानें आखिरी समय में रद्द की हैं, जिनमें एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शामिल है। एयर इंडिया यूरोपीय बाजार के लिए अपने बोइंग 787-8 और 787-9 विमान इस्तेमाल करती है।

एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, 17 अगस्त को ज्यूरिख से दिल्ली के तय उड़ान एआई152 को तकनीकी कारणों और बाद में ज्यूरिख में रात के कर्फ्यू के कारण रद्द कर दिया गया है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की गई है और उन्हें होटल में ठहरने की सुविधा, पूरी राशि की वापसी या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दोबारा बुकिंग का विकल्प भी दिया जा रहा है।

एक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, एयर इंडिया की ज्यूरिख से दिल्ली की उड़ान टेक-ऑफ से कुछ क्षण पहले रोक दी गई, इंजन में तकनीकी खराबी बताई गई। इससे पहले, रविवार को कोच्चि हवाई अड्डे से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान टेक-ऑफ से पहले तकनीकी दिक्कत के कारण रद्द कर दी गई थी। इस उड़ान में कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद हिबी ईडन सहित अन्य यात्री भी सवार थे।  

कुछ दिन पहले एयर इंडिया को मिलान से दिल्ली आने वाली उड़ान भी रद्द करनी पड़ी थी, क्योंकि विमान के पुशबैक के दौरान तकनीकी गड़बड़ी सामने आई थी। जनवरी 2022 में निजी हाथों में जाने के बाद से एयर इंडिया की कुछ उड़ानें तकनीकी और रखरखाव की दिक्कतों की वजह से आखिरी समय में रद्द होती रही हैं। यह सब तब हो रहा है, जब एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन कई बार यह भरोसा दिला चुके हैं कि एयरलाइन ने अपने बोइंग 787 बेड़े की पूरी जांच की है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.