जेट ईंधन में रिकॉर्ड उछाल: घरेलू उड़ानों के लिए कीमत 2 लाख के पार, हवाई किराया बढ़ने के संकेत

Wednesday, April 1, 2026 - 11:08
0
जेट ईंधन में रिकॉर्ड उछाल: घरेलू उड़ानों के लिए कीमत 2 लाख के पार, हवाई किराया बढ़ने के संकेत

नई दिल्ली (आरएनआई)। देश में विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में आई अभूतपूर्व बढ़ोतरी ने एयरलाइंस और यात्रियों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा संशोधन में जेट ईंधन की कीमतें एक ही महीने में दोगुने से अधिक बढ़ गई हैं, जिसके चलते आने वाले समय में हवाई किराए में तेज उछाल देखने को मिल सकता है।

नई दरों के मुताबिक, दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घरेलू उड़ानों के लिए जेट ईंधन की कीमत बढ़कर 2,07,341 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है, जो पिछले महीने 96,638 रुपये थी। यानी करीब 114 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुंबई में भी कीमत 90,451 रुपये से बढ़कर 1,94,968 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है, जबकि कोलकाता और चेन्नई में भी दरें दो लाख रुपये के पार पहुंच चुकी हैं।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए स्थिति और भी गंभीर है। पहली बार जेट ईंधन की कीमत 1000 डॉलर प्रति किलोलीटर के स्तर को पार कर गई है। दिल्ली में यह कीमत 816 डॉलर से बढ़कर करीब 1690 डॉलर हो गई है, जबकि कोलकाता में यह 1727 डॉलर तक पहुंच गई है। रुपये की गिरती कीमत, जो अब 95 रुपये प्रति डॉलर से ऊपर है, ने एयरलाइंस की लागत को और बढ़ा दिया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, एयरलाइंस के कुल परिचालन खर्च में जेट ईंधन की हिस्सेदारी 40 से 45 प्रतिशत तक होती है। ऐसे में ईंधन की कीमतों में इस तरह की तेज बढ़ोतरी का सीधा असर टिकट कीमतों पर पड़ना तय है। पहले से ही पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण लंबी उड़ानों और बढ़े रूट के चलते लागत बढ़ रही थी, अब ईंधन महंगा होने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है।

माना जा रहा है कि बढ़ती लागत के चलते एयरलाइंस किराए में वृद्धि कर सकती हैं, जिससे हवाई यात्रा महंगी हो जाएगी। इसके अलावा, मांग में कमी आने की आशंका के चलते कुछ एयरलाइंस अपनी उड़ानों की संख्या भी घटा सकती हैं। कुल मिलाकर, यह स्थिति भारतीय विमानन क्षेत्र के लिए एक नई परीक्षा बनकर सामने आई है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User