जल संरक्षण पर फोकस: कलेक्टर ने नमामि गंगे व कुनो नदी परियोजना की प्रगति की समीक्षा
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में गुरुवार को नमामि गंगे परियोजना एवं जिले की विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुनो नदी परियोजना की प्रगति, चरणबद्ध क्रियान्वयन, लागत संरचना एवं लेआउट पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि जिले में जल संरक्षण एवं सिंचाई सुविधाओं का विस्तार प्रशासन की प्राथमिकता है। हमारा उद्देश्य जिले को अधिकतम सिंचित बनाना है, क्योंकि "जल ही जीवन है"। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कुनो नदी परियोजना की दी गई विस्तृत जानकारी
बैठक में अधिकारियों ने कुनो नदी परियोजना का प्रेजेंटेशन प्रस्तुत करते हुए बताया कि परियोजना का कार्य दो चरणों (फेज-1 एवं फेज-2) में किया जाएगा। इस दौरान परियोजना की लागत, तकनीकी संरचना, लेआउट एवं विभिन्न घटकों की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही परियोजना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधरोपण भी किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।
विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में जिले की अन्य सिंचाई परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने धनबाड़ी सिंचाई परियोजना, जिसका जल स्रोत कुनो नदी है, तथा पाडोन बृहद सिंचाई परियोजना, जिसका जल स्रोत बरनी नदी है, की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर ने सभी परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से जिले में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी और किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित जल संसाधन विभाग, कुनो नदी परियोजना से जुड़े अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



