जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर: तीन जगह बादल फटे, भूस्खलन में बुजुर्ग की मौत; 5 अगस्त तक अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। गांदरबल और शोपियां में तीन स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि रियासी जिले में भूस्खलन की चपेट में आने से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
रविवार को गांदरबल जिले के सफापोरा में बादल फटने से अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। निचले इलाकों में पानी भरने से सड़कें, गलियां, बाग और कई घर-दुकानें जलमग्न हो गईं। वहीं, सोनमर्ग के सरबल क्षेत्र में भी बादल फटा, लेकिन वहां आबादी नहीं होने के कारण किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली।
शोपियां जिले के हीरपोरा के जंगल क्षेत्र में भी देर शाम बादल फटने की घटना हुई। यह इलाका आबादी से दूर होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के समय एक व्यक्ति घोड़े के साथ वहां से गुजर रहा था, लेकिन उसके सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
बांदीपोरा जिले में तड़के हुई तेज बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। श्रीनगर-बांदीपोरा मार्ग सहित कई संपर्क सड़कों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा।
रियासी जिले की माहौर तहसील के ब्रांदावली क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से 65 वर्षीय बशीर अहमद की मौत हो गई। वहीं कटड़ा-रियासी मार्ग पर एशिया चौक से बालनी पुल तक सड़क भूस्खलन के कारण फिर बंद करनी पड़ी। शिवखोड़ी और रियासी जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। बादल छाए रहने के कारण कटड़ा में हेलिकॉप्टर सेवा भी सुबह सीमित समय के लिए ही संचालित हो सकी।
उधर, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर जिले के देवाल पुल क्षेत्र में मरम्मत कार्य के बाद यातायात एकतरफा बहाल कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)