छठ महापर्व पर पूर्वांचल-बिहार जाने वाली ट्रेनें फुल, विमान किराया भी आसमान पर; बसों से यात्रियों को राहत
लखनऊ (आरएनआई): छठ महापर्व पर पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर शनिवार से यात्रियों का सैलाब उमड़ने की संभावना है। हालांकि ट्रेनें पूरी तरह फुल हैं और वेटिंग लिस्ट सैकड़ों में पहुंच चुकी है।
लखनऊ से पटना जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयरकार में शनिवार को 120 वेटिंग है, जबकि कुंभ एक्सप्रेस और बिहार संपर्क क्रांति में रिग्रेट चल रहा है। श्रमजीवी एक्सप्रेस की स्लीपर में 25, थर्ड एसी में 33 वेटिंग, और पाटलिपुत्र एक्सप्रेस की चेयरकार में 32 वेटिंग बताई जा रही है। गोरखधाम एक्सप्रेस, गोरखपुर हमसफर, वैशाली एक्सप्रेस और सप्तक्रांति एक्सप्रेस में भी सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं।
रेल यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरलाइंस ने भी किराए बढ़ा दिए हैं। लखनऊ से पटना जाने वाली इंडिगो की सीधी उड़ान का किराया शनिवार को 13,012 रुपये तक पहुंच गया है, जो आम दिनों में 4 से 5 हजार रुपये होता है। रविवार को यह किराया 12,067 रुपये रहेगा। वहीं, लखनऊ से गोरखपुर की सीधी उड़ान बंद हो चुकी है। अब केवल कनेक्टिंग फ्लाइट उपलब्ध हैं, जिनका किराया 19 हजार रुपये से अधिक चल रहा है।
एयरवॉक ट्रैवल एजेंसी के मालिक आतिफ ने बताया कि “गोरखपुर या बिहार के यात्रियों की पहली पसंद ट्रेन ही रहती है। कनेक्टिंग उड़ानों के टिकट लोग केवल इमरजेंसी में ही बुक करवाते हैं।”
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने राहत के लिए कदम उठाए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 300 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। ये बसें लखनऊ के आलमबाग, चारबाग, कैसरबाग और कमता बस अड्डों से हर आधे घंटे में रवाना होंगी।
बसें गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बहराइच, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़ और मऊ जैसे जिलों के लिए चलाई जाएंगी। इससे उम्मीद है कि यात्रियों को घर जाने में कुछ राहत मिलेगी।
छठ महापर्व पर जहां ट्रेनों और फ्लाइट्स में सीटें नहीं मिल पा रहीं, वहीं रोडवेज ने अतिरिक्त बसें चलाकर यात्रियों को थोड़ी राहत दी है। बावजूद इसके, पूर्वांचल और बिहार जाने वाले लोगों के लिए सफर इस बार चुनौतीभरा रहेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



