घने कोहरे से हवाई यातायात प्रभावित, दून एयरपोर्ट पर कई उड़ानें रद्द व डायवर्ट
जौलीग्रांट (आरएनआई)। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में छाए घने कोहरे ने आम जनजीवन के साथ-साथ हवाई यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह दृश्यता बेहद कम होने के कारण कई उड़ानें समय पर नहीं उतर सकीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह आठ से दस बजे के बीच आने वाली इंडिगो की अहमदाबाद, दिल्ली और जयपुर से आने वाली उड़ानें, साथ ही एयर इंडिया की मुंबई से आने वाली फ्लाइट देहरादून एयरपोर्ट नहीं पहुंच सकीं। इससे पहले रविवार शाम भी जयपुर और मुंबई से आने वाली दो उड़ानों को खराब मौसम के कारण डायवर्ट करना पड़ा था। एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र में रविवार शाम से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जो सोमवार सुबह और ज्यादा घना हो गया।
कोहरे का असर सड़कों पर भी साफ दिखाई दिया। वाहनों को लाइट जलाकर धीमी रफ्तार से चलना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हुई, जिन्हें कड़ाके की ठंड और कम दृश्यता के बीच स्कूल पहुंचना पड़ा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 और 31 दिसंबर के साथ-साथ एक और दो जनवरी को उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं 29 दिसंबर को देहरादून समेत छह जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में सोमवार को भी घना कोहरा छाया रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



