गौतम अडानी को अमेरिका में बड़ी राहत के संकेत, धोखाधड़ी मामला बंद होने की संभावना
गौतम अडानी और अडानी समूह के लिए अमेरिका से बड़ी राहत भरी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियां लंबे समय से चल रहे कथित धोखाधड़ी मामले को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और इसी सप्ताह बड़ा फैसला आ सकता है।
सूत्रों के अनुसार अमेरिकी न्याय विभाग इस मामले में लगाए गए आरोप वापस लेने पर विचार कर रहा है। साथ ही अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग भी नवंबर 2024 में दर्ज किए गए सिविल फ्रॉड केस को निपटाने की तैयारी में है।
अमेरिकी एजेंसियों ने आरोप लगाया था कि अडानी समूह ने सौर ऊर्जा परियोजनाओं के ठेके हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को 25 करोड़ डॉलर से अधिक की रिश्वत देने की योजना बनाई थी। साथ ही अमेरिकी निवेशकों और बैंकों से फंड जुटाते समय इस कथित योजना की जानकारी छिपाई गई।
हालांकि, गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी की कानूनी टीम ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया। बचाव पक्ष ने अदालत में दलील दी कि कथित रिश्वत योजना से जुड़ा कोई ठोस और विश्वसनीय सबूत मौजूद नहीं है।
वकीलों ने यह भी कहा कि कथित गतिविधियां पूरी तरह भारत में हुईं, इसलिए अमेरिकी एजेंसियों के पास इस मामले में कार्रवाई करने का अधिकार क्षेत्र नहीं बनता। बचाव पक्ष ने यह तर्क भी रखा कि निवेशकों को किसी प्रकार का वित्तीय नुकसान नहीं हुआ, क्योंकि 2021 में जारी किए गए बॉन्ड की राशि और ब्याज समय पर लौटा दिया गया था।
अगर अमेरिकी न्याय विभाग और एसईसी इस मामले को वापस लेने का फैसला करते हैं, तो इसे गौतम अडानी और अडानी समूह के लिए बड़ी कानूनी और कारोबारी जीत माना जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



