गैस बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव: उज्ज्वला उपभोक्ताओं को राहत, अब तय अंतराल में ही मिलेगा सिलिंडर
आगरा (आरएनआई)। रसोई गैस बुकिंग को लेकर तेल कंपनियों ने एक बार फिर बड़ा बदलाव किया है। कालाबाजारी रोकने और खपत का सटीक आकलन करने के उद्देश्य से नए नियम लागू किए गए हैं, जिनका असर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों से लेकर सामान्य उपभोक्ताओं तक पड़ेगा। नई व्यवस्था में अलग-अलग श्रेणियों के लिए गैस सिलिंडर बुकिंग का समय अंतराल तय कर दिया गया है।
नई गाइडलाइन के अनुसार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 14.2 किलोग्राम वाले सिलिंडर के लिए अब 45 दिन का इंतजार करना होगा, जबकि सामान्य घरेलू उपभोक्ता 25 दिन बाद रिफिल बुक कर सकेंगे। वहीं दो सिलिंडर वाले उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग अंतराल 35 दिन निर्धारित किया गया है, जिससे जमाखोरी पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है।
छोटे सिलिंडरों को लेकर भी नियम बदले गए हैं। 5 किलो के ‘छोटू’ सिलिंडर उज्ज्वला लाभार्थियों को 16 दिन में और सामान्य उपभोक्ताओं को 9 दिन में उपलब्ध होंगे। इसके अलावा 10 किलो के कंपोजिट सिलिंडर के लिए 18 दिन का अंतराल तय किया गया है।
प्रशासन के मुताबिक यह नई व्यवस्था शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और तय समय से पहले बुकिंग करने पर सिस्टम अपने आप ब्लॉक कर देगा।
इधर गैस किल्लत को देखते हुए प्रशासन ने व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पर भी सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने तेल कंपनियों और पूर्ति विभाग के साथ बैठक कर निर्देश दिए हैं कि अब व्यावसायिक उपभोक्ताओं को उनके औसत खपत का सीमित हिस्सा ही दिया जाएगा। अस्पताल, रेलवे और शैक्षणिक संस्थानों को 20 प्रतिशत तक आपूर्ति दी जाएगी, जबकि होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को केवल 10 प्रतिशत गैस ही उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जमाखोरी या घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि नई व्यवस्था के बावजूद आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)