गुना में ट्रेंच से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या कर दफनाने की आशंका
गुना(आरएनआई)जिले के बमोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव अकोदा और हिनोतिया गांव के बीच वन विभाग की भूमि पर पौधारोपण के लिए खोदे गए एक गहरे ट्रेंच (गड्ढे) के अंदर दबा हुआ था। ट्रेंच की गहराई अधिक होने के कारण बमोरी थाना पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से खुदाई करवाकर शव को बाहर निकाला और पंचनामा तैयार किया।

घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस इसे सीधे तौर पर हत्या से जोड़कर देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को वन भूमि के इस गड्ढे में दफन कर दिया था। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, मृतक का चेहरा और सिर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। खोपड़ी पर मांस न होने के कारण अंदेशा है कि एकांत पाकर जंगली जानवरों ने शव को नुकसान पहुंचाया है। शरीर पर कीड़े लगने और अत्यधिक सड़न के आधार पर डॉक्टरों व पुलिस का अनुमान है कि यह मौत करीब 5 से 7 दिन पुरानी है।

सनसनीखेज मामले की गंभीरता को देखते हुए गुना से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की विशेषज्ञ टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। वैज्ञानिक दल ने घटनास्थल के आसपास से महत्वपूर्ण भौतिक और तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। बमोरी थाना प्रभारी दिलीप राजोरिया ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, जिसके लिए आसपास के थानों और जिलों से हाल ही में गुमशुदा हुए लोगों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)