कांवड़ यात्रा पर आतंकी हमले का खतरा, एटीएस तैनात

खुफिया एजेंसियों को आतंकी हमले से जुड़े इनपुट के बाद कांवड़ यात्रा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुजफ्फरनगर में आस्था के केंद्र शिव चौक को एटीएस के हवाले कर दिया गया है। पूरे इलाके में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

Sunday, July 28, 2024 - 06:00
0
कांवड़ यात्रा पर आतंकी हमले का खतरा, एटीएस तैनात

मुजफ्फरनगर (आरएनआई) कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम शुरू कर दिए गए हैं। आस्था के केंद्र शिव चौक को एटीएस के हवाले कर दिया गया। टीम ने भ्रमण कर व्यवस्था देखी। एसएसपी अभिषेक सिंह ने कहा कि इस बार यात्रा संवेदनशील है, जिसके चलते सुरक्षा के कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ड्रोन से निगरानी कर रही है। एटीएस की टीम ने शनिवार को पैदल मार्च कर सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया।

एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि संवेदनशील स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय से सुरक्षा एजेंसी की टीम को तैनात करने का पत्र मिलने के बाद एटीएस कमांडो शिव चौक, मीनाक्षी चौक, अस्पताल तिराहा समेत कई संवेदनशील स्थानों पर तैनात किए गए हैं। 

मुजफ्फरनगर के शिव चौक से हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के कांवड़ियां परिक्रमा कर आगे बढ़ते हैं। शहर के लोग रात के समय झांकियां देखने के लिए यहां पहुंचते हैं। पुलिस मुख्यालय से सुरक्षा एजेंसी की टीम को तैनात किए जाने के लिए पत्र भेजा गया था।

खुफिया एजेंसियों को आतंकी हमले से संबंधित इनपुट भी मिला था। इस बारे में अधिकारियों को अवगत कराया था। इसी के चलते जिले को अब एटीएस कमांडो की एक टीम मिली है।

शनिवार दोपहर के समय शिव चौक पर तैनात एटीएस कमांडो टीम को एसएसपी अभिषेक सिंह ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि इस टीम को शिव चौक, मीनाक्षी चौक, अस्पताल तिराहा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है।

सुरक्षा की दृष्टि से जनपद पुलिस के अतिरिक्त एक कम्पनी रेपिड एक्शन फोर्स, छह कम्पनी पीएसी व फ्लड यूनिट तैनात है। साथ ही एंटी सबोटाॅज टीम व बीडीडीएस (बोम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्कवॉड) भी निरंतर जनपद के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर रहा है।

किसी भी धार्मिक यात्रा पर आतंकी हमले का खतरा बना रहता है। इस बार कांवड़ यात्रा काफी संवदेनशील है। यात्रा की सुरक्षा के लिए एटीएस मांगी गई थी। अब सभी स्थानों को एटीएस के हवाले कर दिया गया है। किसी भी तरह के असामान्य हालात या आतंकी हमले से आसानी से निबटा जा सकेगा। 

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User