कांवड़ खंडित होने पर भड़के श्रद्धालु, कार में तोड़फोड़; पुलिस ने संभाला मामला
उत्तराखंड के रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार देर रात एक कार की टक्कर से कांवड़ खंडित होने पर श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित कांवड़ियों ने कार को घेरकर उसके शीशे और अन्य हिस्सों में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गोल्डन ढाबे के पास रात करीब नौ बजे की है। बताया गया कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिससे कांवड़ खंडित हो गई। इसके बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालु आक्रोशित हो गए और कार को नुकसान पहुंचाया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कार पर डंडों से तोड़फोड़ होती दिखाई दे रही है।
सूचना मिलने पर मंगलौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले में एक कांवड़िये को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की वीडियो फुटेज उनके पास उपलब्ध है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)