कलेक्टर ने पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के हितग्राहियों से की आत्मीय मुलाकात

Friday, May 30, 2025 - 22:24
Updated: 1 year ago
0
कलेक्टर ने पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के हितग्राहियों से की आत्मीय मुलाकात

गुना (आरएनआई) जिला कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आज जिले के हितग्राही बच्चों एवं उनके संरक्षकों से पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के अंतर्गत समक्ष उपस्थित होकर आत्मीय संवाद किया। यह संवाद न केवल योजना की प्रगति की समीक्षा का माध्यम बना, बल्कि बच्चों के भविष्य, उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को समझने का भी एक सराहनीय प्रयास रहा।

कलेक्टर श्री कन्याल ने बच्चों से उनके शैक्षणिक हितों, करियर की आकांक्षाओं एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने आत्मीयता से बच्चों से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि योजना से प्राप्त सहायता राशि का समुचित उपयोग उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास में हो रहा है या नहीं। इस अवसर पर कलेक्टर ने हितग्राहियों को सम्मानपूर्वक उपहार भी भेंट किए।

पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र हितग्राही के बैंक खाते में ₹10 लाख की धनराशि जमा कराई जाती है, एवं 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक प्रतिमाह ₹4,000 की सहायता राशि प्रदान की जाती है। गुना जिले में योजना से कुल 13 बच्चे लाभान्वित हुए हैं, जिनमें से 7 बालिग हितग्राहियों को स्टाइपेंड के माध्यम से तथा 6 अवयस्क बच्चों को उनके संरक्षक के साथ संयुक्त बैंक खाते में सहायता राशि भेजी जा रही है।

कलेक्टर श्री कन्याल ने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक को निर्देशित किया कि प्रत्येक दो माह में बच्चों से प्रत्यक्ष संवाद आयोजित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। यह पहल न केवल एक प्रशासनिक दायित्व की पूर्ति है, बल्कि बच्चों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक भी है।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User