एआईएडीएमके में बढ़ी अंदरूनी कलह, पलानीस्वामी गुट के विधायकों को अयोग्य ठहराने की मांग
अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम में अंदरूनी संघर्ष अब खुलकर सामने आने लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सीवी षणमुगम और एसपी वेलुमणि के नेतृत्व वाले गुट ने पार्टी प्रमुख ईके पलानीस्वामी और उनके समर्थक विधायकों को अयोग्य घोषित करने की मांग उठाई है।
षणमुगम-वेलुमणि गुट का दावा है कि पार्टी के अधिकांश विधायक उनके समर्थन में हैं और हाल ही में हुए विश्वास मत के दौरान पलानीस्वामी गुट ने पार्टी व्हिप का उल्लंघन किया। गुट के व्हिप सी विजयभास्कर ने कहा कि सभी विधायकों को व्हाट्सएप और ई-मेल के जरिए टीवीके सरकार के समर्थन में मतदान करने का निर्देश दिया गया था।
उनके मुताबिक 47 में से 25 विधायकों ने पार्टी निर्देश का पालन किया, जबकि 22 विधायक इसके खिलाफ गए। विजयभास्कर ने आरोप लगाया कि पलानीस्वामी समेत इन विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर मतदान किया, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष से दलबदल विरोधी कानून के तहत उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई है।
यह विवाद उस समय और गहरा गया जब सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार को विश्वास मत हासिल हुआ। षणमुगम-वेलुमणि गुट का कहना है कि बहुमत उनके साथ है, इसलिए पार्टी के फैसलों पर उनका अधिकार बनता है।
वहीं वेलुमणि ने पुराने राजनीतिक उदाहरणों का हवाला देते हुए कहा कि जब किसी पार्टी के भीतर विभाजन की स्थिति होती है, तब संगठनात्मक फैसलों और नियुक्तियों को लेकर विवाद पैदा होना स्वाभाविक है। अब इस पूरे घटनाक्रम पर विधानसभा अध्यक्ष और पार्टी नेतृत्व की अगली कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)