ईरान ने भारतीयों के लिए वीजा-फ्री सुविधा निलंबित, विदेश मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी
नई दिल्ली (आरएनआई)। ईरान ने भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा 22 नवंबर से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है। अब किसी भी भारतीय नागरिक को ईरान की यात्रा या ट्रांजिट के लिए वीजा अनिवार्य रूप से लेना होगा। यह कदम उन बढ़ते मामलों के मद्देनज़र उठाया गया है, जिनमें भारतीयों को फर्जी नौकरी के वादों और झूठे आश्वासनों के जरिए ईरान ले जाया जा रहा था और वहां पहुंचने पर कई व्यक्तियों के साथ गंभीर अपराध किए जा रहे थे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, हाल के महीनों में अनेक भारतीय नागरिक ऐसे एजेंटों के झांसे में आए, जो उन्हें रोजगार, मध्य पूर्व के देशों में आगे की यात्रा या वीजा-मुक्त आवाजाही का लालच देकर ईरान भेज रहे थे। मंत्रालय ने बताया कि ईरान पहुंचने के बाद कई मामलों में लोगों को अगवा कर उनके परिवारों से फिरौती मांगी गई। इन घटनाओं का दुरुपयोग रोकने और आपराधिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए ईरान सरकार ने वीजा फ्री सुविधा को रोकने का निर्णय लिया है।
सरकार ने अपनी एडवाइजरी में स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि भारतीय नागरिक किसी भी ऐसे एजेंट या संस्था पर विश्वास न करें, जो ईरान के रास्ते तीसरे देश में भेजने, वीजा-मुक्त यात्रा कराने या नौकरी दिलाने का दावा करते हों। मंत्रालय ने बताया कि कई धोखेबाज़ एजेंट यह कहकर लोगों को बहका रहे थे कि ईरान जाने के लिए वीजा की आवश्यकता नहीं है, जिससे आसानी से यात्रा संभव हो सकेगी। परंतु वहां पहुंचने पर वे गंभीर धोखाधड़ी और खतरनाक परिस्थितियों में फंस गए।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि सभी यात्रियों को किसी भी प्रस्ताव की पूरी तरह जांच करनी चाहिए और वीजा नियमों का पालन करना आवश्यक है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान जाने वाले भारतीयों को अब प्रत्येक स्थिति में मान्य वीजा प्राप्त करना होगा, चाहे वे ईरान में रुकने जा रहे हों या किसी अन्य देश में जाने के लिए वहां से ट्रांजिट कर रहे हों।
ईरान के इस फैसले के बाद 22 नवंबर से भारतीयों के लिए वीजा-मुक्त यात्रा पूरी तरह बंद हो गई है। अब बिना वीजा के ईरान पहुंचना संभव नहीं होगा और इस परिवर्तन से विशेष रूप से उन लोगों को सावधानी बरतनी होगी, जो आगे की यात्रा के लिए ईरान को ट्रांजिट मार्ग के रूप में उपयोग करते थे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0



