अहमदाबाद विमान हादसा: अक्तूबर में सुप्रीम कोर्ट को सौंपी जाएगी अंतिम जांच रिपोर्ट, चार सिमुलेशन टेस्ट पूरे
अहमदाबाद एयर इंडिया AI171 विमान हादसे की जांच को लेकर केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि अंतिम जांच रिपोर्ट का मसौदा अक्तूबर के पहले सप्ताह में सीलबंद लिफाफे में अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। सरकार के अनुसार हादसे से जुड़े चार सिमुलेशन परीक्षण पूरे किए जा चुके हैं। मामले की अगली सुनवाई 13 अक्तूबर को होगी।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि याचिकाकर्ताओं के सुझावों के अनुरूप चार सिमुलेशन परीक्षण पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम मसौदा रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में अदालत को सौंपी जाएगी।
सुनवाई के दौरान सरकार ने यह भी कहा कि फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) को उपलब्ध जानकारी दे सकता है। यदि जांच एजेंसी उसे आवश्यक और प्रासंगिक पाएगी तो उस पर विचार किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट एक गैर-सरकारी संगठन, एक विधि छात्र और दुर्घटना में जान गंवाने वाले पायलट के पिता की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। इन याचिकाओं में विमान हादसे की स्वतंत्र और अदालत की निगरानी में जांच की मांग की गई है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 13 अक्तूबर के लिए निर्धारित की है।
इससे पहले AAIB ने स्पष्ट किया था कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से संबंधित कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग और अन्य रिकॉर्डिंग सार्वजनिक या किसी बाहरी समिति के साथ साझा नहीं की जा सकतीं। एजेंसी के अनुसार ऐसा करना विमान दुर्घटना जांच से जुड़े प्रावधानों का उल्लंघन होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)