अमेरिका से बहन की शादी में आए युवक से लूट करने वाले चार बदमाश पुलिस ने दबोचे, चांदी की दो चैनें बरामद, पुलिस ने निकाला जुलूस
गुना (आरएनआई) शांति पब्लिक स्कूल के पास 25 दिसंबर की रात अमेरिका से अपनी बहन की शादी में आए युवक के साथ हुई लूट और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटी गई चांदी की चेनें बरामद कर ली हैं। यह वही घटना है जिसमें दुर्गा कॉलोनी शांति पब्लिक स्कूल के पास फरियादी तरुण राठौर को आठ-दस बदमाशों ने घेरकर न सिर्फ पीटा था, बल्कि नकदी और चांदी की चेन लूट ली थी। तरुण अमेरिका की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और बहन की शादी में शामिल होने के लिए गुना आया हुआ था।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन रात करीब 8:30 बजे तरुण शांति पब्लिक स्कूल के पास से अपने घर की ओर जा रहा था। तभी कुछ युवकों ने उसका रास्ता रोका और खेत की ओर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। सिर में गंभीर चोट आने के चलते तरुण को उसके राहगीर की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों ने दो चांदी की चेन और लगभग पांच हजार रुपए नगद लूट लिए थे। साथ ही यूपीआई पेमेंट के जरिए भी पैसे ट्रांसफर कराने की कोशिश की, हालांकि तकनीकी कारणों से ट्रांजैक्शन फेल हो गया।
एफआईआर दर्ज होते ही कोतवाली पुलिस ने दो से तीन टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की और सूरज बरार, प्रमोद यादव, बलराम धाकड़ और दीपक नामदेव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई चेनें भी बरामद कर ली हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी सूरज बरार के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं, जिससे इस पूरी वारदात के गिरोहनुमा होने की आशंका भी जताई जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की पहचान में जुटी हुई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को जांच के लिए पुलिस टीम शांति पब्लिक स्कूल क्षेत्र में लेकर गई ताकि वारदात की तफ्तीश की जा सके। इस दौरान उन्हें घटना स्थल की ओर ले जाते समय लोगों की नजरें उन पर टिकी रहीं। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह जुलूस नहीं, बल्कि घटनाक्रम की पुष्टि और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)