दिल्ली-NCR की हवा में सांस लेना हुआ मुश्किल, कई इलाकों में AQI 400 पार

Nov 22, 2025 - 11:52
 0  81
दिल्ली-NCR की हवा में सांस लेना हुआ मुश्किल, कई इलाकों में AQI 400 पार

नई दिल्ली (आरएनआई) राजधानी दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण का स्तर लगातार गंभीर होता जा रहा है। हवा की गति में मामूली सुधार के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिली है। शनिवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 359 दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के 364 की तुलना में थोड़ा कम है, लेकिन अब भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही बना हुआ है। शहर के कई इलाकों में तो एक्यूआई 400 से भी ऊपर पहुंच गया, जिससे हवा ‘गंभीर’ स्तर की मानी जा रही है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह आनंद विहार में एक्यूआई 420, अशोक विहार में 403, बवाना में 414, आईटीओ में 370, जहांगीरपुरी में 417 और रोहिणी में 412 दर्ज किया गया। वजीरपुर में हालात और खराब रहे, जहां एक्यूआई 427 तक पहुंच गया। सुबह-सुबह शहर के कई इलाकों में जहरीला स्मॉग छाया रहा, जिससे लोगों को सांस लेने, आंखों में जलन और सीने में भारीपन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

दिल्ली से सटे एनसीआर में भी हालात विभिन्न जगह चिंताजनक हैं। गाजियाबाद के लोनी में एक्यूआई 450 दर्ज किया गया, जबकि नोएडा के सेक्टर 125 में यह आंकड़ा 429 रहा। गुरुग्राम के एनआईएसई ग्वाल पहाड़ी में 316 और सेक्टर 51 में 317 एक्यूआई दर्ज किया गया, जबकि फरीदाबाद में स्थिति थोड़ी बेहतर रही, जहां सेक्टर 30 में एक्यूआई 224 दर्ज किया गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना कम है। सीपीसीबी का अनुमान है कि सोमवार तक दिल्ली-एनसीआर में हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही बनी रहेगी। प्रदूषण में बढ़ोतरी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और श्वसन संबंधी रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

लगातार बढ़ते स्मॉग और खराब होती हवा के चलते राजधानी और एनसीआर के लोगों के लिए खुले में सांस लेना मुश्किल हो गया है, जबकि प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए जा रहे हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.