अमृतसर में नगर निगम कैंप को मिला भारी समर्थन, अवैध जल-सीवरेज कनेक्शन नियमित और प्रॉपर्टी टैक्स में 2.5 लाख की वसूली
(सुरेश रहेजा, परवीन कुमार, चंद्र मोहन, साहिल रहेजा)
अमृतसर (आरएनआई) नगर निगम अमृतसर के कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख द्वारा शहर निवासियों की सुविधा के लिए 30 जून 2025 तक पश्चिम, दक्षिण, उत्तर और पूर्वी विधानसभा क्षेत्रों में अनधिकृत पानी और सीवरेज कनेक्शनों को नियमित करने और पिछले वर्षों के संपत्ति कर का भुगतान बिना ब्याज दंड के करने के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आज शहर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पड़ते क्षेत्र आरबी एस्टेट लोहारका रोड पर एक शिविर का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व कार्यकारी इंजीनियर गुरजिंदर सिंह, नोडल अधिकारी सहायक कमिश्नर दलजीत सिंह अधीक्षक संपत्ति कर धरमिंदरजीत सिंह अधीक्षक वाटरवर्क्स सतनाम सिंह ने किया। आज के शिविर में क्षेत्र निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया है और शहर निवासियों ने अपने पानी और सीवरेज कनेक्शनों को नियमित करने के लिए फॉर्म भरे हैं और बिना ब्याज और दंड के संपत्ति कर का भुगतान किया है। आज के कैंप में पानी व सीवरेज के 15 अवैध कनेक्शनों को 1650 रुपए प्रति केस की बकाया फीस जमा करवाकर नियमित करवाया गया है और इसके अलावा क्षेत्र के लोगों को अपने कनेक्शन नियमित करवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रॉपर्टी टैक्स विभाग की ओर से 110 प्रॉपर्टी टैक्स रिटर्न दाखिल किए गए हैं, जिनसे करीब 2.50 लाख रुपए टैक्स जमा करवाया गया है। इन कैंपों में शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी न आए, इसके लिए एडिशनल कमिश्नर सुरिंदर सिंह खुद इन कैंपों की निगरानी कर रहे हैं। एडिशनल कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने कहा कि शहर में आबादी के हिसाब से पानी व सीवरेज के कनेक्शन नहीं हैं और जिन लोगों ने अवैध रूप से पानी व सीवरेज के कनेक्शन लिए हैं, उन्हें नियमित करवाने का यह सुनहरा मौका है, क्योंकि इन कैंपों के बाद निगम को अनाधिकृत पानी व सीवरेज के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू करनी है। इसके अलावा सरकार की एकमुश्त समाधान योजना के तहत 31 जुलाई 2025 तक लंबित प्रॉपर्टी टैक्स, ब्याज व जुर्माना भी माफ कर दिया है, जिसका पूरा लाभ उठाया जा सकता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे इन शिविरों का पूरा लाभ उठाएं तथा अनाधिकृत जल व सीवरेज कनेक्शनों को नियमित करवाएं तथा पिछले वर्षों का संपत्ति कर बिना ब्याज व जुर्माने के अदा करें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

