अधिनियम रोककर कांग्रेस ने किया देश की 70 करोड़ महिलाओं का अपमान- श्रीमती कामना सिंह भदौरिया
गुना (आरएनआई) केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा में रखे गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के गिर जाने के बाद भाजपा मुखरता से आमजन के बीच कांग्रेस की महिला विरोधी नीति को रख रही है। गुरुवार को जिला भाजपा द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसे भिंड से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह भदौरिया ने संबोधित किया और विषय को समग्रता के साथ रखा।
उन्होंने कहा कि नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती। प्रधानमंत्री ने महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने का बीड़ा उठाया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्षी दलों का कृत्य संपूर्ण नारी शक्ति का अपमान है। उन्होंने कहा कि अधिनियम को रोकने का काम कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके जैसे राजनीतिक दलों ने किया और महिलाओं-बहनों के अधिकार पर डाका डाला। विपक्षी दलों के विश्वासघात के खिलाफ मध्यप्रदेश सहित देशभर की महिलाओं में आक्रोश है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को महिलाएं सबक जरूर सिखाएंगी। उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि इस पर विपक्ष जश्न मनाता रहा। यह हर महिला का अपमान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने का रहा है। उसने शाहबानो प्रकरण, तीन तलाक और अनुच्छेद 370 से प्रभावित कश्मीरी महिलाओं के अधिकार का विरोध किया। भारत के संविधान के अनुसार लोकसभा और विधानसभाओं का पुनर्गठन जनगणना के बाद परिसीमन आयोग द्वारा किया जाता है। वर्ष 2001 की जनगणना के बाद अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में यह निर्णय लिया था कि वर्ष 2026 के बाद पहली जनगणना तक परिसीमन स्थगित रहेगा, ताकि दक्षिणी राज्यों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके। इसके बावजूद विपक्ष भ्रम फैला रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि परिसीमन से किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा और संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।
श्रीमती भदोरिया ने कहा कि देश की 70 करोड़ महिलाएं इस घटनाक्रम को देख, समझ रही हैं और इसे याद रखेंगी। यह मुद्दा अब केवल संसद तक सीमित नहीं रहेगा, जन-जन का मुद्दा बनेगा। भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार,महिला मोर्चा की ज़िलाध्यक्ष श्रीमती राजेश राजपूत एवं जिला मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव उपस्थित रहे ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)