यूपी: सीएम योगी ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत को किया नमन, बोले- काकोरी के क्रांतिकारियों की मजबूती से की थी पैरवी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और देश के पूर्व गृहमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्र निर्माण और उत्तर प्रदेश के विकास में पंडित पंत के योगदान को याद करते हुए उनकी स्मृतियों को नमन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत महान अधिवक्ता होने के साथ-साथ प्रमुख स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भी थे। वर्ष 1925 में काकोरी ट्रेन एक्शन के बाद ब्रिटिश हुकूमत ने क्रांतिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में क्रांतिकारियों की मजबूती से पैरवी करने वाले प्रमुख नेताओं में पंडित गोविंद बल्लभ पंत भी शामिल थे। उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1937 में पंडित गोविंद बल्लभ पंत को उत्तर प्रदेश का प्रीमियर चुना गया था। हालांकि, बाद में उन्होंने पद से इस्तीफा देकर स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी सक्रिय भूमिका जारी रखी। भारत छोड़ो आंदोलन समेत स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न महत्वपूर्ण आंदोलनों में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में सुशासन की रखी नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 में देश की आजादी के बाद पंडित गोविंद बल्लभ पंत उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बने। उस समय उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा था। इतने बड़े राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ उन्होंने सुशासन की नींव रखी और आर्थिक विकास तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों के लिए काम किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित पंत ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण सुधार किए। उनका भूमि सुधार मॉडल भी महत्वपूर्ण माना जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन देश की स्वतंत्रता, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)