बरेली में बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का संक्रमण: मां-बेटे समेत चार नए मरीज मिले, संक्रमितों की संख्या 18
बरेली। जिले में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को मां-बेटे समेत चार और लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मरीजों के घर रैपिड रिस्पॉन्स टीम भेजकर दवाएं उपलब्ध कराईं और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गढ़ैया निवासी 54 वर्षीय महिला और उसका बेटा स्वाइन फ्लू संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा मढ़ीनाथ निवासी 19 वर्षीय युवती और भदपुरा निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। नए मरीजों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर संक्रमित मरीजों और उनके परिवार के सदस्यों की जानकारी जुटा रही हैं। संपर्क में आए लोगों को संक्रमण से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं और नियमानुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि स्वाइन फ्लू के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी और बचाव के प्रयास कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेकर जांच कराएं और स्वास्थ्य विभाग की टीम के घर पहुंचने पर उनका सहयोग करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)