मुंबई के साकीनाका में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, दो की मौत और चार झुलसे

Wednesday, October 21, 2026 - 14:01
0
मुंबई के साकीनाका में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, दो की मौत और चार झुलसे

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित साकीनाका इलाके में मंगलवार शाम कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य झुलस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की 60 से 70 व्यावसायिक इकाइयां और चॉल भी इसकी चपेट में आ गईं। दमकल कर्मियों ने छह घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद बुधवार तड़के आग पर काबू पाया।

अधिकारियों के मुताबिक, आग मंगलवार शाम करीब 6:18 बजे खैरानी रोड स्थित अब्दुल रशीद कंपाउंड के एक कबाड़ गोदाम में लगी। सूचना मिलने पर मुंबई दमकल विभाग, पुलिस और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए इसे लेवल-2 की घटना घोषित किया गया।

आग बुझाने के बाद घटनास्थल से दो लोगों के शव बरामद किए गए। दोनों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया। हादसे में झुलसे चार लोगों को भी इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई गई है।

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगभग 4,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैल गई थी। इसकी चपेट में बिजली के तार, कपड़ों का स्टॉक, प्लास्टिक सामग्री, लकड़ी का फर्नीचर, कबाड़, खाली एयरोसोल कंटेनर, एलपीजी सिलेंडर और मशीनें आ गईं। आसपास खड़े दोपहिया वाहन और एक टेंपो भी प्रभावित हुए।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारी घटनास्थल की जांच कर रहे हैं। मृतकों की पहचान और आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User