काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं शृंगार गौरी केस की वादिनी महिलाएं, जलाभिषेक कर ज्ञानवापी मुक्ति की लगाई गुहार
सावन के महीने में काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में शनिवार को माता शृंगार गौरी केस से जुड़ी वादिनी महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर जलाभिषेक किया। महिलाओं ने करीब दो किलोमीटर तक पैदल यात्रा की। इस दौरान उन्होंने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए और 'ज्ञानवापी मुक्त करो' के नारे भी लगाए।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। सिर पर कलश रखकर महिलाएं मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि वे न्यायालय में चल रहे मामले में जीत की कामना लेकर बाबा विश्वनाथ के दरबार में आई हैं। महिलाओं ने बाबा से प्रार्थना की कि उन्हें मामले में जल्द न्याय मिले।
महिलाओं ने ज्ञानवापी परिसर के वजूखाने को लेकर भी अपनी आस्था व्यक्त की। उनका दावा है कि वहां उनके आराध्य महादेव विराजमान हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि न्यायालय में जल्द फैसला उनके पक्ष में आए और उन्हें वहां जलाभिषेक करने का अवसर मिले। इसके साथ ही उन्होंने शृंगार गौरी माता के दर्शन और पूजन की अनुमति मिलने की भी कामना की।
कलश यात्रा में ज्ञानवापी मामले से जुड़े अधिवक्ता भी शामिल हुए। यात्रा पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर के 4बी गेट से प्रवेश कराया गया। सावन के चलते मंदिर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।
मामले से जुड़े सुभाष नंदन चतुर्वेदी ने कहा कि ज्ञानवापी से संबंधित मुकदमा बाबा विश्वनाथ को मुक्त कराने के लिए चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि ऐतिहासिक रूप से मंदिर को ध्वस्त कर वहां मस्जिद का निर्माण कराया गया था और इस स्थान पर फिर से भव्य मंदिर बनाए जाने की मांग की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)