सुप्रीम कोर्ट सख्त: वकीलों से कथित मारपीट मामले में दिल्ली पुलिस कमिश्नर को जांच के निर्देश
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान वकीलों के साथ कथित मारपीट के मामले में सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार को मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने का निर्देश दिया।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कहा कि जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में कराई जाए। एसआईटी में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) स्तर का अधिकारी शामिल होगा। जांच पूरी होने के बाद संबंधित क्षेत्राधिकार वाले मजिस्ट्रेट के समक्ष रिपोर्ट पेश की जाएगी।
यह मामला उन वकीलों की शिकायत से जुड़ा है, जिन्होंने आरोप लगाया था कि अगस्त में बीसीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। यह प्रदर्शन बीसीआई अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा के खिलाफ किया गया था। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पहले दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया था, लेकिन हाईकोर्ट ने स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की याचिका खारिज कर दी थी।
इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। शीर्ष अदालत ने मामले की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि जांच को दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व टिप्पणियों से प्रभावित नहीं होना चाहिए। अब मामले में आगे की कार्रवाई जांच और संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश की जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)