बरेली में चीनी की जमाखोरी पर शिकंजा, पूर्ति विभाग ने गोदामों में जांचा स्टॉक; कार्रवाई की चेतावनी
बरेली में चीनी के बढ़ते दाम के बीच जमाखोरी की आशंका को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने शुक्रवार को अभियान चलाया। विभागीय टीम ने थोक और फुटकर चीनी कारोबारियों के गोदामों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर और उपलब्ध चीनी की जांच की।
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह के मुताबिक, 20 अगस्त को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद चीनी कारोबारियों के लिए स्टॉक सीमा तय की गई है। इसके तहत कोई भी व्यापारी चार हजार क्विंटल से अधिक चीनी का भंडारण नहीं कर सकता।
विभागीय टीम ने कई गोदामों में स्टॉक की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी स्थान पर निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडार नहीं मिला। विभाग ने चेतावनी दी है कि तय सीमा से अधिक स्टॉक मिलने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जिले में चीनी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि चीनी की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत से ज्यादा खरीदारी कर भंडारण न करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खाद्य सामग्री के दाम भी बढ़े
चीनी के साथ अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। धनिया करीब 90 रुपये से बढ़कर 180 रुपये प्रति किलो हो गया है। गुड़ और बूरा 50-55 रुपये से बढ़कर करीब 70 रुपये किलो, खील 80 रुपये से बढ़कर 90-95 रुपये किलो और बादाम 920 रुपये से बढ़कर 1,120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)