गुना में विद्यार्थियों ने पेड़ों को बांधी राखी, प्रकृति संरक्षण के साथ लिया विकसित भारत 2047 का संकल्प

Thursday, August 27, 2026 - 23:34
Updated: 2 months ago
0
गुना में विद्यार्थियों ने पेड़ों को बांधी राखी, प्रकृति संरक्षण के साथ लिया विकसित भारत 2047 का संकल्प

रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के तत्वावधान में जिला स्तरीय “एक राखी–एक संकल्प, एक राखी–एक रिश्ता : पेड़ को राखी, प्रकृति से भाईचारा” कार्यक्रम उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृक्षों को राखी बांधकर उनकी रक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया गया, वहीं विद्यार्थियों को विकसित भारत 2047, नशामुक्ति और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्तर पर राखी मेकिंग, मेंहदी एवं पूजा की थाल सजाओ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने आकर्षक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री किशोर कन्याल रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्म सोनी,अंकुर श्रीवास्तव, मोहित नामदेव, पार्षद दिनेश शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौर, एमएलबी विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मृदुला सक्सेना, एक्सीलेंस स्कूल के प्राचार्य श्री एचएन जाटव सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षों को राखी बांधकर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने के साथ हुआ। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। छात्राओं ने अतिथियों को राखी बांधने के साथ वृक्षों को भी राखी बांधकर प्रकृति के प्रति अपने स्नेह और जिम्मेदारी का संदेश दिया।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करे, लेकिन इसके साथ एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का भी प्रयास करे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को नई तकनीकों का ज्ञान अर्जित करने, नशे से दूर रहने और सोशल मीडिया का उपयोग केवल ज्ञानवर्धक एवं सकारात्मक कार्यों के लिए करने की सीख दी।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक प्रतिज्ञा भी दिलाई गई। विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, लगाए गए पौधों की देखभाल करने, जल संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने का संकल्प लिया। इस दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। अंत में जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौर ने आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User