मथुरा में फर्जी CBI अधिकारी बनकर चौथ वसूली करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार, दो गाड़ियां बरामद

Saturday, October 10, 2026 - 17:37
0
मथुरा में फर्जी CBI अधिकारी बनकर चौथ वसूली करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार, दो गाड़ियां बरामद

मथुरा। जमुनापार थाना पुलिस ने फर्जी CBI अधिकारी और क्राइम ब्यूरो का अधिकारी बनकर लोगों को डराने-धमकाने तथा चौथ वसूली करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो फर्जी पहचान पत्र, 11 विजिटिंग कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड और क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो के स्टीकर लगी दो गाड़ियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने 10 अक्टूबर 2026 को सुबह 3:26 बजे सिहोरा-लोहवन चौराहा रोड पर घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार, कुलदीप यादव, करन राणा, सोनू, कुणाल और रवि के रूप में हुई है। इनमें सूरज कुमार बिहार का निवासी है और वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रहता है। कुलदीप यादव भी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद का निवासी है। करन राणा गुरुग्राम, हरियाणा का रहने वाला है। सोनू मूल रूप से गोवर्धन क्षेत्र के देवसेरस का निवासी है और वर्तमान में लोहवन, मथुरा में रह रहा था। कुणाल दिल्ली के मदनपुर खादर और रवि रिफाइनरी क्षेत्र के नगला पोपी का निवासी है।

मामले में पुलिस ने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने जमुनापार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश के तहत खुद को फर्जी CBI और क्राइम ब्यूरो अधिकारी बताकर उसके साथ गाली-गलौज की और उसे आजीवन कारावास की सजा दिलाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। आरोप है कि डराकर उससे 40 हजार रुपये वसूल किए गए। शिकायत के आधार पर थाना जमुनापार में मुकदमा संख्या 397/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 319(2), 318(4), 61(2) और 308(6) में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से क्राइम ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन के दो फर्जी पहचान पत्र, ‘K.D. YADAV CHAIRMAN’ नाम से 11 विजिटिंग कार्ड, तीन एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा, कथित घटना में इस्तेमाल की गई क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो के स्टीकर लगी बलेनो कार (UP14 EJ 5320) और वैगनआर कार (UP85 CM 1466) भी जब्त की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार के खिलाफ गाजियाबाद में पहले से भी एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User