सिद्धार्थनगर: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की, नदी में फेंका शव; हादसे का रूप देने के लिए लटकाया ई-रिक्शा
सिद्धार्थनगर में ई-रिक्शा चालक हरिश्चंद्र हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पत्नी माया देवी ने अपने प्रेमी नियाज अहमद और अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद शव को बूढ़ी राप्ती नदी में फेंक दिया गया और ई-रिक्शा को इस तरह नदी की ओर लटकाया गया, जिससे घटना हादसा प्रतीत हो।
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस लाइंस सभागार में बताया कि 30 अगस्त की रात मुंहचुरवा घाट, बूढ़ी राप्ती नदी, रामनगर के पास कपियवा निवासी हरिश्चंद्र की हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया था। घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए ई-रिक्शा को भी नदी की ओर लटकाया गया था। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर एसओजी और ढेबरुआ पुलिस की संयुक्त टीम जांच में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल इरशाद अपने दो साथियों के साथ दुधवनिया बुजुर्ग नहर के रास्ते धनौरा की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या की कथित साजिश का खुलासा किया। पुलिस ने पत्नी माया देवी, उसके प्रेमी नियाज अहमद, इरशाद और अब्दुल्ला को मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मुंहचुरवा घाट से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू के अलावा छह मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड और एयर इंडिया का एक टिकट भी बरामद किया है। पुलिस अब मामले में हत्या की पूरी साजिश और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)