जापान में रिकॉर्ड बारिश से तबाही, चार लोगों की मौत; 80 से ज्यादा घर डूबे, हजारों लोग फंसे
जापान के चिबा प्रांत में रातभर हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। भारी बारिश के कारण 80 से अधिक घरों में पानी भर गया और हजारों लोग अलग-अलग स्थानों पर फंस गए।
चिबा शहर में महज एक घंटे के भीतर 11.5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण सड़कें, घर, कारें और रेलवे ट्रैक के कई हिस्से पानी और कीचड़ में डूब गए। हालांकि शुक्रवार सुबह बारिश की तीव्रता कुछ कम हुई, मौसम विभाग ने दिन में फिर भारी बारिश की संभावना जताई है।
रेलवे स्टेशन पर फंसे 4 हजार लोग
ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स ने सोगा रेलवे स्टेशन पर रातभर फंसे करीब 4,000 लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बसें भेजीं। वहीं, नरिता हवाई अड्डे पर भी ट्रेन सेवाएं बाधित होने के कारण हजारों यात्री फंस गए। कई लोगों ने रात सरकारी भवनों में शरण लेकर बिताई।
करीब 2.30 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह
चिबा प्रशासन के मुताबिक, प्रांत में 80 से अधिक घर बाढ़ की चपेट में आए हैं। करीब 2.30 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। भारी बारिश और बाढ़ के कारण शुक्रवार सुबह करीब 23 हजार घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही, हालांकि यह संख्या पहले 68 हजार तक पहुंच गई थी।
प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों की ओर से लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)