NEET प्रदर्शन पर नड्डा का बड़ा बयान: ‘छात्र हमारी पहली प्राथमिकता’, CJP ने फैसले का स्वागत किया
नई दिल्ली। NEET-UG विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामलों में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जो भरोसा दिया था, उसे पूरा किया जा रहा है।
जेपी नड्डा ने कहा कि भारत सरकार ने पहले ही आश्वासन दिया था कि प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे और भविष्य में भी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भाजपा शासित राज्यों की सरकारों से भी बातचीत की गई है। नड्डा ने 5 सितंबर को प्रस्तावित विरोध मार्च वापस लेने के सीजेपी के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं की प्रगति और विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सीजेपी की प्रतिक्रिया भी सामने आई। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने NEET की तैयारी के दौरान जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों की जान गई, उन्हें बचाया नहीं जा सका और इसे लेकर परिवारों का दुख कभी पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी व्यवस्था की नाकामी के कारण छात्रों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
वहीं, सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने प्रदर्शन स्थल पर मौजूद बताए गए करीब 2,800 लोगों को लेकर सरकार के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग मौजूद थे, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड होने का दावा किया गया, तो वे समाज में खुलेआम क्यों घूम रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को खत्म करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। साथ ही, छात्रों के मुआवजे और भविष्य में उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर सरकार के आश्वासन पर भी नजर बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)