JUET गुना में 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान, युवाओं ने लिया नशा मुक्त समाज का संकल्प
गुना(आरएनआई)मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ के अंतर्गत आज जेपी यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (JUET), गुना में एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुना के जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट किशोर कुमार कन्याल तथा विशिष्ट अतिथि गुना की पुलिस अधीक्षक सुश्री हितिका वासल रहीं। विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
जय ज्योति स्कूल के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति पर आधारित एक प्रभावशाली सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुति ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी अपने प्रभावशाली एवं ओजस्वी वक्तव्यों के माध्यम से नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया। उनके प्रेरणादायी विचारों और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रोताओं का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने विद्यार्थियों से जीवन में सही दिशा चुनने, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनका उज्ज्वल भविष्य ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री हितिका वासल ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वयं जागरूक रहने तथा समाज में भी जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. कामिनी भसीन ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)