JPSC-JSSC विवाद: छात्रों का आंदोलन 16वें दिन जारी, धरना स्थल पर पहुंचे संजय सेठ और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

Sunday, August 9, 2026 - 12:44
0
JPSC-JSSC विवाद: छात्रों का आंदोलन 16वें दिन जारी, धरना स्थल पर पहुंचे संजय सेठ और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन रविवार को 16वें दिन भी जारी रहा। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे छात्रों और राज्य सरकार के बीच अब तक दो दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन किसी ठोस समाधान पर सहमति नहीं बन सकी है। रविवार दोपहर 12 बजे तीसरे दौर की वार्ता प्रस्तावित है।

पिछली वार्ता में सरकार ने छात्रों से JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों से जुड़े साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा था। छात्रों का कहना है कि वे परीक्षा से संबंधित दस्तावेज और अपनी आपत्तियों के सभी प्रमाण सरकार को सौंप चुके हैं। अब उनकी नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी है।

छात्रों की प्रमुख मांगों में 14वीं JPSC परीक्षा और CGL परीक्षा रद्द करना, JPSC-JSSC की परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार करना और पूरे मामले की CBI जांच कराना शामिल है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

धरना स्थल पर पहुंचे भाजपा नेता

रविवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू समेत भाजपा के कई नेता धरनास्थल पहुंचे। उनके साथ भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार भी मौजूद रहे। नेताओं ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

संजय सेठ और आदित्य साहू ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि भाजपा उनकी मांगों के समर्थन में केंद्र से लेकर राज्य तक उनके साथ खड़ी है। संजय सेठ ने कहा कि भाजपा के सांसद लोकसभा और राज्यसभा में झारखंड के छात्रों की आवाज उठा रहे हैं। वहीं, विधानसभा के मानसून सत्र में भी पार्टी विधायक इस मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं।

10 अगस्त के विधानसभा घेराव को समर्थन

भाजपा नेताओं ने 10 अगस्त को छात्रों की ओर से प्रस्तावित झारखंड विधानसभा घेराव को भी समर्थन देने की घोषणा की। अब रविवार को होने वाली तीसरे दौर की वार्ता पर सभी की नजरें टिकी हैं। देखना होगा कि सरकार और छात्रों के बीच इस बैठक में कोई ठोस सहमति बनती है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User