76 मिनट के भाषण में पीएम मोदी ने रखा 2047 के भारत का विजन, युवाओं से जनगणना में भागीदारी की अपील
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 76 मिनट के संबोधन में विकसित भारत के लक्ष्य और 2047 तक देश के विकास का विजन सामने रखा। उन्होंने युवाओं से देश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और जनगणना में सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसके आधार पर भविष्य की योजनाएं और देश के विकास की रूपरेखा तैयार होती है। उन्होंने युवाओं से परिवार के साथ मिलकर डिजिटल माध्यम से सही जानकारी दर्ज कराने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने कहा कि सटीक जानकारी उपलब्ध होने से देश के समय और संसाधनों की बचत होगी और बेहतर योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से महिलाओं को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को जल्द से जल्द 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, ताकि वे देश के विकास में और अधिक योगदान दे सकें।

राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक दौर में सुरक्षा की चुनौतियां केवल सीमाओं तक सीमित नहीं हैं। तेल रिफाइनरी, बैंकिंग और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों की सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने देश में जल्द ही नागरिक रक्षा यानी सिविल डिफेंस का बड़ा नेटवर्क तैयार करने की घोषणा की, जिसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी होगी।
नक्सलवाद के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि देश हथियारबंद नक्सलवाद से बाहर निकल रहा है, लेकिन कुछ लोगों की माओवादी सोच अब भी मौजूद है। उन्होंने ऐसी विचारधारा को पहचानने और अलग-थलग करने की जरूरत बताई।
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर देशवासियों से संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय और अवसर देश के पास है और सामूहिक संकल्प के जरिए भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर मौजूद बच्चों से मुलाकात की। बच्चे प्रधानमंत्री को अपने बीच देखकर काफी उत्साहित नजर आए। इसी दौरान एक बच्ची प्रधानमंत्री के पैर छूने के लिए झुकी तो उसकी टोपी गिर गई। प्रधानमंत्री ने जमीन से टोपी उठाकर बच्ची के सिर पर वापस रख दी। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)