गुना में जहरीली शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ₹14 लाख की अवैध मदिरा और लाहन जब्त; 4 प्रकरण दर्ज
जिला सागर में जहरीली शराब से हुई घटना के बाद विशेष अभियान के तहत कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल एवं संदीप शर्मा उपायुक्त संभाग ग्वालियर के निर्देशन में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह, परिवहन एवं जहरीली शराब के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी गुरुप्रसाद केवट एवं एसडीओपी राघौगढ़ व सहायक जिला आबकारी अधिकारी इंद्रपालसिंह बाल्के, एलआर करोसिया के मार्गदर्शन में आज ग्राम राजपुरा, गोचा आमल्या, बरसत एवं मधुसूदनगढ़ में तड़के दबिश दी गयी। मौके पर तलाशी दौरान पठार से एवं झाड़ियो के बीच में प्लास्टिक की केनो में हाथ भट्टी मदिरा भरी हुई पायी गई। साथ ही प्लास्टिक के ड्रमों एवं मिट्टी की कनारी में गुड़ महुआ लाहन भरा पाया गया जिसे मौके पर सैंपल लेकर नष्ट कर दिया गया। एक मोटरसायकल होंडा पर दो कैने 30-30 लीटर धारिता हाथ भट्टी मदिरा की बंधी पायी गयी जिसे आरोपी किसी जगह ले जाने की फिराक में थे। उक्त कार्यवाही में आबकारी विभाग द्वारा 370 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं 8600 कि.ग्रा. गुड़ लाहन व एक मोटरसाइकिल जब्त की गयी।जब्तशुदा सामग्री की अनुमानित मूल्य 14 लाख रुपये है। साथ ही पुलिस बल द्वारा भी मदिरा सामग्री जब्त की गई है।
दबिश के दौरान म. प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)A, F, 34(2) व 49 (A) के तहत कुल 04 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। आरोपियों की पहचान एवं विवेचना जारी है। उक्त समस्त कार्यवाही पुलिस बल के विशेष सहयोग से की गई। कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक राधाकिशन, मोहनीष शर्मा, वर्धमान जैन आबकारी मुख्य आरक्षक रामहेत सिंह कुशवाह आबकारी आरक्षक दिनेश कुमार राठौर, अरुण कुमार शर्मा,गोविंद सिंह मीना महिला आरक्षक जेम्मा एक्का एवं पुलिस विभाग के बल की भूमिका सराहनीय रही। आबकारी विभाग की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)