राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद सख्ती, एक हजार कर्मचारियों को अनुशासन और श्रद्धालुओं से अच्छे व्यवहार की नसीहत

Wednesday, September 9, 2026 - 11:43
0
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद सख्ती, एक हजार कर्मचारियों को अनुशासन और श्रद्धालुओं से अच्छे व्यवहार की नसीहत

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जितेंद्र मिश्र ने मंगलवार को राम मंदिर की व्यवस्थाओं की कमान संभाल ली। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। बैठक में अनुशासन, श्रद्धालुओं से बेहतर व्यवहार और सुगम दर्शन व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

जितेंद्र मिश्र मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे कैफियत ट्रेन से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद वह सीधे रामघाट स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं के साथ ट्रस्ट की लेखा व्यवस्था और कामकाज की प्रक्रिया को भी समझा।

अधिकारियों के साथ बैठक के बाद सीईओ ने राम मंदिर में सेवा दे रहे करीब एक हजार कर्मचारियों के साथ भी संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और निर्धारित अनुशासन के तहत काम करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार पर जोर

बैठक में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सीईओ ने कर्मचारियों से श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करने को कहा।

चढ़ावे की चोरी के मामले के बीच नई व्यवस्था पर जोर

राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे हैं। ऐसे में नए सीईओ के पदभार संभालने के बाद कर्मचारियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ काम करने की नसीहत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंदिर प्रशासन की प्राथमिकता अब व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने के साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User