पेपर लीक के आरोपों के बाद MPSC ने रद्द की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा, एफआईआर को लेकर सरकार पर सवाल
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर, ग्रुप-B पदों की भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है। यह फैसला 22 मार्च को आयोजित स्क्रीनिंग परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की शिकायतों के बाद की गई प्रारंभिक जांच के आधार पर लिया गया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि परीक्षा से दो दिन पहले, यानी 20 मार्च को ही कुछ अभ्यर्थियों के पास प्रश्नपत्र या उसमें शामिल सवाल पहुंच गए थे। आरोप यह भी लगाया गया कि बाद में इन सवालों या प्रश्नपत्र को सोशल मीडिया और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से प्रसारित किया गया।
अभ्यर्थियों और जनप्रतिनिधियों से मिली शिकायतों के बाद MPSC ने मामले की प्रारंभिक जांच कराई। जांच के दौरान परीक्षा प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आने के बाद आयोग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का निर्णय लिया।
एफआईआर को लेकर सरकार पर सवाल
भर्ती प्रक्रिया रद्द होने के बाद महाराष्ट्र में पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। मनसे नेता संदीप देशपांडे ने सरकार से पूछा कि यदि जांच में पेपर लीक की बात सामने आई है तो अब तक एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई।
देशपांडे ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की बात सरकार लगातार करती रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र कथित तौर पर कुछ अभ्यर्थियों तक कैसे पहुंचा और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई है।
उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। भर्ती प्रक्रिया रद्द होने के बाद अब अभ्यर्थियों के बीच आगे की परीक्षा और भर्ती को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)