इस्कॉन मंदिर में ड्रेस कोड लागू: श्रद्धालुओं से शालीन कपड़ों में आने की अपील, गेट पर लगाया बोर्ड
मथुरा। इस्कॉन मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से मंदिर में शालीन और पारंपरिक परिधान पहनकर आने की अपील की है। इसके लिए मंदिर के प्रवेश द्वार पर ड्रेस कोड से संबंधित बोर्ड लगाया गया है। प्रबंधन ने स्लीवलेस कपड़े, शॉर्ट्स, मिनी स्कर्ट, हाफ पैंट जैसे परिधानों में मंदिर में प्रवेश पर रोक लगाई है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, श्रद्धालुओं से पूर्ण भक्ति भाव के साथ मंदिर आने और परिसर की धार्मिक गरिमा बनाए रखने की अपील की गई है। श्रद्धालुओं को साड़ी, कुर्ता-सलवार, सूट-सलवार या अन्य पारंपरिक परिधान पहनकर आने के लिए कहा गया है।
इसके अलावा मंदिर परिसर में फोटोग्राफी, सेल्फी लेने और वीडियो बनाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण और धार्मिक गरिमा बनाए रखना है।
इस्कॉन मंदिर के जनसंपर्क अधिकारी रविलोचन दास ने बताया कि ठाकुरजी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से स्लीवलेस और छोटे कपड़े पहनकर नहीं आने को कहा गया है। इस संबंध में मंदिर के प्रवेश द्वार पर सूचना बोर्ड लगाया गया है।
इससे पहले मथुरा के श्रीराधादामोदर मंदिर और मथुरा मार्ग स्थित पागल बाबा मंदिर प्रबंधन की ओर से भी श्रद्धालुओं से छोटे या कम कपड़ों में मंदिर नहीं आने की अपील की गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)