ऊमरी की दीदियों के हुनर की कलेक्टर ने की सराहना, हस्तनिर्मित उत्पादों को मिलेगा बाजार; 300 महिलाओं को जोड़ने की तैयारी
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM), CMS फाउंडेशन (मुंबई) एवं शक्तिशाली महिला संगठन समिति के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल से सौजन्य भेंट की। इस बैठक में SRLM से शैलेन्द्र समुद्रे (जिला परियोजना प्रबंधक), डी. पी. कमठान (जिला प्रबंधक - कौशल उन्नयन एवं रोजगार), मुंबई CMS फाउंडेशन से माला मिरचंदानी तथा शक्तिशाली महिला संगठन समिति से रवि गोयल एवं श्रद्धा जादौन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को अवगत कराया कि सीएमएस फाउंडेशन एवं शक्तिशाली महिला संगठन समिति के संयुक्त तत्वावधान में ऊमरी गाँव की 200 स्व-सहायता समूह की दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विशेष कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान दीदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद—जैसे पर्यावरण-अनुकूल गोबर से निर्मित उत्पाद, जूट बैग एवं कलाकृतियाँ, तथा पारंपरिक लोक कला (Folk Art) से बने उत्पाद कलेक्टर को उपहार स्वरूप भेंट किए गए।


कलेक्टर द्वारा दीदियों के इस हुनर, मेहनत और नवाचार की प्रशंसा की। स्व-सहायता समूहों के इस उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य के लिए प्रशंसा पत्र भी प्रदान किया गया। उन्होंने दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों की गुणवत्ता को देखते हुए सुझाव दिया कि इन उत्पादों को राशन की दुकानों (PDS) और प्राथमिक सहकारी समितियों पर बिक्री हेतु रखा जाए, जिससे इन्हें आसानी से व्यापक बाज़ार और खरीदार मिल सकें। भविष्य में इस स्वरोजगार कार्यक्रम का विस्तार बमोरी ब्लॉक में किया जाएगा। इसके तहत म्याना और उमरी की 300 दीदियों को प्रशिक्षण व आजीविका से जोड़कर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। जिला प्रशासन ने महिलाओं के इस स्वावलंबन प्रयास की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)