CMO मंजूषा खत्री के फर्जी हस्ताक्षर से आदेश जारी, नगरपालिका ने की बड़ी कार्रवाई
गुना (आरएनआई) फर्जी_हस्ताक्षर से पदस्थापना आदेश जारी किए जाने के मामले में सख्त एक्शन लिया गया है। नगरपालिका परिषद गुना ने दो अस्थाई कर्मियों की सेवा समाप्त करते हुए पांच कर्मचारियों को निलंबित कर विभागीय जांच संस्थित की है। इसके अलावा प्रभारी सीएमओ डिप्टी कलेक्टर मंजुषा खत्री के फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित शासकीय दस्तावेज बनाने की इस हरकत को आपराधिक श्रेणी का कृत्य मानते हुए थाना सिटी कोतवाली गुना में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
आज नगर पालिका सभा कक्ष में अध्यक्ष सविता गुप्ता, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण संजय श्रीवास्तव एवं मुख्य प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी डिप्टी कलेक्टर मंजुषा खत्री द्वारा कूट रचित दस्तावेज को लेकर अधिकारी एवं कर्मचारियों की बैठक ली गयी।
उक्त बैठक में निकाय के सभी के सामने कार्यालयीन आदेश क्रमांक 2485 / 2025 दिनांक 26.08.2025 फर्जी तरीके से बगैर मुख्य नगर पालिका अधिकारी के संज्ञान में लाये, कूटरचित हस्ताक्षर कर जारी करने को लेकर स्थापना लिपिक अनिल धौलपुरिया, स्थापना भृत्य चंद्रेश सोनी, मेट महाराज सिंह, एएसआई राजेश सिलावट, तथा अस्थाई कर्मचारियों अमन सोनी और करण मालवीय से सभी के समक्ष पूछताछ की गई। जिसमें सभी ने अपनी गलतियों को स्वीकार किया।
अनिल धौलपुरिया स्थापना लिपिक और चंद्रेश सोनी ने पत्र को टाइप करना स्वीकार किया। महाराज सिंह एवं करण मालवीय द्वारा पत्र को जावक करना स्वीकार किया।
अमन सोनी द्वारा पत्र पर कूटरचित तरीके से फर्जी आदेश पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी के कूटरचित हस्ताक्षर करना स्वीकार किया। फर्जी पत्र तैयार कराने में महाराज सिंह मेट के द्वारा देव कुमार झावा प्रभारी मेट का नाम भी लिया गया।
अधिकृत जानकारी के अनुसार अमन सोनी को पूर्व में भी कार्य में लापरवाही के प्रति मौखिक समझाईश दी गई थी, कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, किंतु उनके द्वारा अपने कार्य में कोई सुधार नहीं किया गया एवं कारण बताओ पत्र का जवाब भी संतोषप्रद नहीं दिया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मंजूषा खत्री द्वारा बताया गया की मैंने नगर पालिका में नए कर्मचारियों को आगे बढ़ाने एवं कार्य सीखाने का संकल्प लिया था, किंतु आज मुझे प्रतीत हुआ कि उन्ही कर्मचारियों द्वारा उन्हें दिए गए दायित्वों का दुरुपयोग किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता ने कहा कि इन कर्मचारियों के इस तरह के कारनामों से हमारी परिषद की छवि धूमिल हुई है, उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही प्रस्तावित की जाए एवं अस्थाई तौर पर लगे कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक किया जावे।
परियोजना अधिकारी संजय श्रीवास्तव जी ने कहा कि हमने अपनी नौकरी की शुरुआत इसी नगर पालिका में की है ना तो हमारे द्वारा और ना ही हमारे किसी अधीनस्थ द्वारा इस तरह के कार्य आज तक नहीं किए गए। अतः इन सभी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाना चाहिए जिससे भविष्य में अन्य कर्मचारियों को भी सबक मिले ।
बैठक में नगर पालिका के सभी अधिकारी कर्मचारियों द्वारा निर्णय लिया कि अस्थाई कर्मचारियों अमन सोनी और करण मालवीय को सेवा से तत्काल पृथक किया जाए तथा नियमित कर्मचारियों स्थापना लिपिक अनिल धौलपुरिया, स्थापना भृत्य चंद्रेश सोनी, मेट महाराज सिंह, एएसआई राजेश सिलावट, को तत्काल निलंबन कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच प्रस्तावित की जाए।
बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने हाथ उठाकर नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया। तथा इस पर प्रकार की गलती होने पर ऐसे कर्मचारियों को नगर पालिका कर्मचारी संगठन द्वारा किसी प्रकार का सहयोग नहीं करने का आश्वासन दिया तथा सभी कर्मचारियों को पूरी मेहनत लगन एवं ईमानदारी से काम करने के लिए कहा गया।
इसके बाद नपा अध्यक्ष सविता गुप्ता, सीएमओ मंजूषा खत्री,पार्षद राजू ओझा तथा बीजेपी नेता अरविंद गुप्ता आदि मामले की शिकायत करने थाना सिटी कोतवाली पहुंचे। पुलिस मामले की जांच करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



