वृंदावन में सीएम योगी का बड़ा बयान: ‘विदेशी आक्रांताओं ने मंदिर तोड़े, श्रीकृष्ण की स्मृति नहीं मिटा पाए’

Thursday, September 3, 2026 - 18:06
0
वृंदावन में सीएम योगी का बड़ा बयान: ‘विदेशी आक्रांताओं ने मंदिर तोड़े, श्रीकृष्ण की स्मृति नहीं मिटा पाए’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने श्री हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने संतों का सम्मान किया और ब्रज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण की लीलाओं, गुजरात के गरबा और ब्रज के प्रसिद्ध मयूर नृत्य की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

मुख्यमंत्री के आगमन पर हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। इसके बाद ब्रज के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं का मंचन किया। लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री ने भगवान कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें उपहार भेंट किए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ब्रज के प्रमुख संतों फूलडोल बिहारी दास महाराज, महंत सुतीक्ष्ण दास, महंत सनतकुमार शरण महाराज, स्वामी रामदेवानंद सरस्वती और संत बलराम दास का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर 321 सपेरा समाज के लाभार्थियों को भवन आवंटन पत्र भी प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने मंदिरों को तोड़ने का काम किया, लेकिन वे भगवान श्रीकृष्ण की स्मृति और ब्रज की आस्था को मिटा नहीं सके। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की जन्मस्थली और ब्रज की पवित्र परंपराएं आज भी लोगों की आस्था का केंद्र हैं।

सीएम योगी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर ब्रज की धरती से प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई देने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने स्वामी हरिदास जी की स्मृति में प्रेक्षागृह के लोकार्पण को विशेष अवसर बताते हुए कहा कि यह स्थल ब्रज की भक्ति, लोक परंपरा और कला को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ब्रज में 1,051 करोड़ की 229 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

मथुरा में मुख्यमंत्री ने 1,051 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह को भी संबोधित किया। पूर्व मंत्री और विधायक श्रीकांत शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले ब्रज क्षेत्र की स्थिति जर्जर थी, लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है।

उन्होंने बताया कि यमुना में गिरने वाले मथुरा के 36 नालों में से 32 को बंद किया जा चुका है, जबकि शेष चार नालों को भी अक्टूबर तक बंद करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही सूरदास ब्रजभाषा अकादमी की स्थापना और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर पड़ाव स्थलों के विकास का कार्य भी जारी है।

सांसद हेमा मालिनी ने ‘राधे-राधे’ के संबोधन के साथ श्री हरिदास प्रेक्षागृह को ब्रज की कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का जीवंत केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रेक्षागृह स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच देगा और भविष्य में देश-विदेश के कलाकार भी यहां अपनी प्रस्तुतियां दे सकेंगे।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, ठाकुर मेघश्याम, संत विजय कौशल महाराज, ओमप्रकाश सिंह, योगेश नौहवार और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User