सीजेपी नेताओं ने संसद मार्ग थाने का घेराव किया, बोले- निशु आजाद के पिता को न्याय दिलाकर रहेंगे
नई दिल्ली। निशु आजाद से जुड़े मामले को लेकर कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरभ दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका अपने समर्थकों के साथ संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे। बताया गया कि कार्यकर्ता पटेल चौक से पुलिस स्टेशन की ओर गए। सीजेपी नेताओं ने मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए निशु आजाद के पिता को न्याय दिलाने की बात कही।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद भी आंदोलन का हिस्सा थीं। उनके मुताबिक, निशु अपने पिता के सामने थीं, तभी भाजपा समर्थित एक कार्यकर्ता ने कथित तौर पर उनके पिता के सिर पर हमला किया। जाखड़ ने आरोप लगाया कि घटना के बाद एफआईआर दर्ज कराने के लिए परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाखड़ ने कहा कि राहुल गांधी शुरुआत से ही निशु आजाद और उनके परिवार के साथ खड़े हैं और संगठन उनकी लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने मामले में पुलिस की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए।
सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने घटना को लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि पार्टी शुरुआत से ही संजय के साथ खड़ी है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से कथित हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग की।
रांका का आरोप है कि जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान संजय के सिर में चोट आई थी, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। उन्होंने दावा किया कि घटना में शामिल बताए जा रहे कुछ लोग सार्वजनिक रूप से हमले की बात स्वीकार कर रहे हैं, इसके बावजूद पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई।
सीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव के चलते पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)