BCCI अध्यक्ष पद के लिए मिथुन मनहास ने किया नामांकन, AGM में होगा फैसला
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मीडिया से कहा, 'अगले कार्यकाल के लिए एक नई बॉडी बनाई जा रही है। मिथुन मनहास पूर्व खिलाड़ी हैं और उन्हें अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया गया है।'
मुंबई (आरएनआई) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। दिल्ली टीम के पूर्व कप्तान मिथुन मनहास ने रविवार को मुंबई स्थित बोर्ड मुख्यालय में अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख रविवार दोपहर थी।
45 वर्षीय मनहास भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक जाना-माना नाम हैं। उन्होंने 1997-98 से लेकर 2016-17 तक के लंबे करियर में 157 फर्स्ट क्लास, 130 लिस्ट ए और 91 टी20 मुकाबले खेले हैं। उनके नाम 9714 फर्स्ट क्लास रन दर्ज हैं। IPL में उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स और चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया।
मनहास का नाम हाल ही में नई दिल्ली में हुई एक अनौपचारिक बैठक के बाद सामने आया, जहां यह तय किया गया कि उन्हें बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए आगे बढ़ाया जाएगा। यह पद पिछले महीने रोजर बिन्नी के कार्यकाल समाप्त होने के बाद से खाली था।
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मीडिया से कहा, 'अगले कार्यकाल के लिए एक नई बॉडी बनाई जा रही है। मिथुन मनहास पूर्व खिलाड़ी हैं और उन्हें अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया गया है। अरुण धूमल आईसीसी गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन हैं और वे उसी पद पर बने रहेंगे।'
एजीएम में सिर्फ अध्यक्ष ही नहीं बल्कि बोर्ड के कई अहम पदों पर भी चुनाव होंगे। सचिव देवजीत सैकिया, IPL गवर्निंग काउंसिल चेयरमैन अरुण धूमल और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय क्रिकेटर रघुराम भट्ट ने भी अपने नामांकन दाखिल किए हैं। भट्ट बोर्ड के नए कोषाध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल हैं।
बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (AGM) अगले रविवार को आयोजित होगी, जिसमें औपचारिक रूप से नई कमेटी का एलान किया जाएगा और मनहास के अध्यक्ष बनने पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



