मथुरा में बड़ा पशु क्रूरता मामला: ट्रक से 83 मवेशी बरामद, कई की मौत
मथुरा। (आरएनआई) मथुरा में शनिवार को पशु क्रूरता का एक हृदय विदारक मामला सामने आया। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर एक ट्रक को पकड़ लिया, जिसमें कटान के लिए 83 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।
ट्रक से बरामद भैंस, पड़डे और पड़ियों को बर्फ की सिल्लियों पर पटककर एक-दूसरे के ऊपर रखा गया था। इनके पैर और मुंह रस्सियों से कसकर बांध दिए गए थे। दम घुटने और दबने से कई मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक की भयावह स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
सूचना पाकर थाना हाईवे प्रभारी शैलेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और ट्रक को कब्जे में ले लिया। हालांकि, चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि मवेशियों को महावन से नगर, राजस्थान ले जाया जा रहा था।
गौ रक्षक दल और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जीवित मवेशियों को निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया और उन्हें एक पशुपालक की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला गंभीर है और फरार चालक की तलाश तेजी से की जा रही है। साथ ही पशु तस्करी और अवैध कटान की इस कड़ी की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



