बस्ती में थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह आत्महत्या मामला: हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
बस्ती। (आरएनआई) उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाने के थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश करते हुए एक संगठित हनीट्रैप गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस जांच से स्पष्ट हुआ है कि थानाध्यक्ष ने महिला और उसके साथियों द्वारा की जा रही लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त की थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला, उसके पिता और एक सहयोगी वकील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरोह की कार्यशैली के तहत आरोपी महिला लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर अश्लील बातें और वीडियो कॉल करती थी। इसके बाद गुप्त रूप से रिकॉर्ड की गई सामग्री के बल पर गिरोह पीड़ितों से मोटी रकम ऐंठता था। थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह को अपने जाल में फंसाने के बाद आरोपियों ने उनसे 1 करोड़ रुपये की भारी-भरकम मांग की थी। पैसे न देने पर महिला हाथ की नस काटने की धमकी देकर और सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने का डर दिखाकर लगातार मानसिक दबाव बना रही थी।
मृतक अधिकारी के बेटे की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियंका चौधरी, उसके पिता रामनयन और वकील विजय यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्लैकमेलिंग में प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन और एक बोलेरो गाड़ी भी जब्त की है। 29 अगस्त को थानाध्यक्ष का शव उनके आवास पर मिला था, जिसके बाद कॉल डिटेल और साक्ष्यों के आधार पर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। फिलहाल पुलिस गिरोह के वित्तीय लेन-देन और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)