कौशाम्बी में पटाखा फैक्टरी में भीषण आग, धमाकों से दहला मनौरी बाजार; नौ की मौत, कई की हालत गंभीर
कौशाम्बी के पिपरी थाना क्षेत्र स्थित मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने के बाद लगातार हुए धमाकों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हादसे में नौ लोगों की मौत की सूचना है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों में कुछ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और तीन लोगों को वेंटिलेटर पर रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। आग लगते ही फैक्टरी में रखे पटाखों में एक के बाद एक जोरदार विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया और मनौरी बाजार में अफरा-तफरी मच गई। धमाकों की वजह से आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा और कुछ मकान धराशायी होने की सूचना है।

बताया जा रहा है कि बस्ती से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान में पटाखा फैक्टरी संचालित हो रही थी। हादसे के समय फैक्टरी के अंदर करीब दर्जनभर लोगों के मौजूद होने की बात सामने आई है। आग लगने के बाद लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण राहत-बचाव दल और ग्रामीणों को घटनास्थल तक पहुंचने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रयागराज के एडीजी, आईजी, डीआईजी और अपर पुलिस आयुक्त के साथ कौशाम्बी के डीएम और एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस बल और राहत-बचाव टीमें घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में जुटी रहीं।

गंभीर रूप से झुलसे लोगों को उपचार के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है। कौशाम्बी के डीएम डॉ. अमित पाल ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)