गुना जिला अस्पताल में पानी की बोतल में मिला सांप का बच्चा, वार्ड में मची अफरा-तफरी; पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल

Wednesday, August 26, 2026 - 22:56
Updated: 2 months ago
0
गुना जिला अस्पताल में पानी की बोतल में मिला सांप का बच्चा, वार्ड में मची अफरा-तफरी; पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल

जिला अस्पताल में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अटेंडर द्वारा नल से भरकर लाई गई पानी की बोतल के अंदर सांप का छोटा बच्चा दिखाई दिया। बोतल मरीज को पानी देने के लिए खोली गई थी। अंदर हरकत करता सांप का बच्चा नजर आते ही परिजन घबरा गए। देखते ही देखते वार्ड में मौजूद मरीजों और अटेंडरों की भीड़ लग गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार छीरखेड़ा निवासी देवेंद्र धाकड़ के परिजन जिला अस्पताल में भर्ती हैं। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे उनके साथ मौजूद अटेंडर अस्पताल परिसर में शिव मंदिर के पास लगे नल पर पानी लेने गया था। वहां से एक बोतल में पानी भरकर वह वार्ड में ले आया। कुछ देर बाद मरीज को पानी देने के दौरान बोतल के अंदर कुछ हिलता दिखाई दिया। गौर से देखने पर उसमें सांप का बच्चा नजर आया। इसके बाद वार्ड में हडक़ंप मच गया। घटना के समय अस्पताल में मौजूद फतेहगढ़ निवासी सुंदर सेन ने बोतल का वीडियो बना लिया। वीडियो में पानी से भरी बोतल के अंदर सांप जैसा छोटा जीव दिखाई दे रहा है। इसके बाद मरीजों और परिजनों ने अस्पताल की पेयजल व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।

लोगों ने आशंका जताई कि सांप का बच्चा पानी की टंकी या पाइपलाइन के जरिए बोतल तक पहुंचा होगा। हालांकि यह केवल आशंका है। सांप का बच्चा बोतल में आखिर कैसे पहुंचा, इसकी आधिकारिक जांच और पुष्टि होना अभी बाकी है। घटना ने जिला अस्पताल की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन आए दिन गंदगी तथा पीने के पानी की समस्या की शिकायत करते रहे हैं। परिसर में चार-पांच स्थानों पर सार्वजनिक पेयजल की टोंटियां लगी हैं, लेकिन कई जगह इनके आसपास गंदगी जमा रहने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में बुधवार की घटना के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई।

मरीजों के परिजनों ने मांग की है कि अस्पताल की पानी की टंकियों, पाइपलाइन और सार्वजनिक नलों की तत्काल जांच कराई जाए। साथ ही टंकियों की नियमित सफाई और पेयजल की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित पानी मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User