बरसाना में 7 वर्षीय मासूम के साथ बर्बरता, पड़ोसी पर मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बरसाना थाना क्षेत्र स्थित चैन का थोक मोहल्ले में खेल-खेल में हुए बच्चों के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि मामूली बात पर एक पड़ोसी युवक ने सात साल के मासूम बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित मासूम नीरज की मां प्राची के अनुसार, 25 अगस्त की शाम करीब पौने सात बजे मोहल्ले में बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान नीरज और पड़ोसी राजू पुत्र हाकिम सिंह के बच्चों के बीच खेल-खेल में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस छोटे से विवाद से गुस्साए राजू ने मासूम नीरज को जबरन पकड़ लिया। उसने पहले बच्चे को थप्पड़ मारा और फिर उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी शांत नहीं हुआ और उसने बेदर्दी से बच्चे पर लात-घूंसे बरसाए।
इस हिंसक हमले में मासूम नीरज के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के वक्त मौके पर मौजूद पवन नाम के युवक ने बहादुरी दिखाते हुए बच्चे को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और आसपास के लोगों को एकत्र किया। लोगों के बीच-बचाव के बाद आरोपी राजू मौके से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया।
घटना से स्तब्ध परिजनों ने तुरंत पीड़ित बच्चे का उपचार कराया और बरसाना थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर और सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की पुष्टि की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)