31 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, सौराष्ट्र और कच्छ के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र 30 अगस्त को पूर्वी अरब सागर के ऊपर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसकी वजह से 31 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में 30 से 4 सितंबर के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है।

Friday, August 30, 2024 - 06:30
0
31 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली  (आरएनआई) गुजरात में पिछले दिनों हुई भारी बारिश से कई शहरों में बाढ़ आ गई है। बिजली कनेक्शन टूटने से लोग कई दिनों से अंधेरे में हैं। राज्य में अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 7 राष्ट्रीय राजमार्ग, 66 राज्य राजमार्ग, 92 अन्य सड़कें और 774 पंचायत सड़कें मिलाकर 939 सड़कें बंद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सीएम भूपेंंद्र पटेल को फोन कर लगातार दूसरे दिन हालात की जानकारी ली। इस बीच मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के दौरान 31 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही शुक्रवार को ओडिशा और तेलंगाना में भारी से अति भारी (20 सेमी से ज्यादा) और छत्तीसगढ़, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश (12 सेमी से ज्यादा) की चेतावनी दी है।

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल कच्छ जिले में भारी बारिश और संभावित तूफान के पूर्वानुमान के बाद वडोदरा से गांधीनगर स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर पहुंचे। उन्होंने जिला कलेक्टर के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इस प्राकृतिक आपदा के खिलाफ व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने इस आपदा से लोगों को बचाने के लिए जहां भी जरूरी हो, तत्काल प्रभाव से लोगों को निकालने के निर्देश दिए हैं। इस बैठक में मुख्य सचिव राजकुमार और वरिष्ठ सचिव भी शामिल हुए।

मौसम विभाग के अनुसार, सौराष्ट्र और कच्छ के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र 30 अगस्त को पूर्वी अरब सागर के ऊपर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसकी वजह से 31 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में 30 से 4 सितंबर के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। ये राज्य ओडिशा, तटीय कर्नाटक, केरल, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, गोवा, पूर्वी-पश्चिमी मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, अंडमान एवं निकोबार द्वीप, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान हैं।

गुजरात में बृहस्पतिवार को बारिश कम हुई। इससे स्थिति में थोड़ा सुधार दिखा। हालांकि वडोदरा और राज्य के कुछ अन्य इलाकों में नदियां अभी भी उफान पर हैं। राज्य में 238 तहसीलें भारी बारिश के चलते बाढ़ की चपेट में हैं। भारी बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित वडोदरा में स्थिति में पहले से सुधार हुआ। विश्वामित्री नदी का जलस्तर सुबह 37 फुट से घटकर 32 फुट रह गया है। हालांकि, शहर के कई निचले इलाके अभी भी जलमग्न हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), सेना, वायुसेना और भारतीय तटरक्षक बल के साथ मिलकर राज्य के सबसे ज्यादा बाढ़ प्रभावित इलाके वडोदरा, द्वारका, जामनगर, राजकोट और कच्छ में राहत और बचाव कार्य संचालित कर रहे हैं।

महिला क्रिकेटर राधा यादव और उनका परिवार वडोदरा में बाढ़ में फंस गया था। एनडीआरएफ ने बुधवार को इन सभी को सुरक्षित बचाया। राधा ने इसके लिए एनडीआरएफ का धन्यवाद जताया। वहीं वायुसेना ने बृहस्पतिवार को देवभूमि द्वारका में बाढ़ में फंसे चार लोगों को हेलिकॉप्टर के जरिये सुरिक्षत निकाला। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) ने बताया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 18,000 से अधिक लोगों को स्थानांतरित किया गया है और करीब 1,200 लोगों को बचाया गया है।
 
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन मुझे फोन किया और स्थिति की जानकारी ली। पीएम ने विश्वामित्री नदी में आई बाढ़ पर चिंता जताई और वडोदरा के लोगों के लिए राहत तथा बचाव के उपायों के बारे में भी जाना। पीएम ने राज्य को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ के बाद बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए सफाई के उचित उपाय किए जाएं।
 
राजस्थान में माउंट आबू तथा श्रीगंगानगर में भारी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश श्रीगंगानगर के जैतसर में 80 मिलीमीटर और माउंट आबू में 49 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा अलवर, भरतपुर, बाड़मेर और उदयपुर जिले में कई जगह मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 30 अगस्त से एक सितंबर तक राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, दो सितंबर से कोटा, उदयपुर, भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

Follow  RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User