हिमाचल में दर्दनाक सड़क हादसा: भरमौर-पठानकोट हाईवे पर खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। परिवार अपनी तीन माह की बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार कराने के बाद घर लौट रहा था, तभी सोमवार देर रात उनकी ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। रात का समय और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने पुष्टि की कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में लगातार बारिश और घना कोहरा था। आशंका है कि खराब दृश्यता और फिसलन के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मानसून के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)