जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई पर रोक का मायावती ने किया स्वागत, बोलीं- तोड़फोड़ नहीं, समाधान पर हो जोर
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में तोड़फोड़ की बजाय संस्थानों को नियमों के दायरे में लाकर समाधान निकालने की दिशा में काम करना चाहिए।
मायावती ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण का हवाला देकर भवनों को गिराने की कार्रवाई पर रोक लगाना उचित फैसला है।
उन्होंने कहा कि मोहम्मद आजम खान के पारिवारिक ट्रस्ट द्वारा स्वतंत्रता सेनानी मोहम्मद अली जौहर के नाम पर स्थापित इस विश्वविद्यालय का मामला छात्र हितों से भी जुड़ा है। ऐसे में सरकार को पहले कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत समाधान तलाशना चाहिए।
बसपा प्रमुख ने कहा कि केवल जौहर यूनिवर्सिटी ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी यदि निर्माण संबंधी नियमों का पालन नहीं हुआ है, तो उन्हें ध्वस्त करने के बजाय आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर नियमित करने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जनहित और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस सुझाव पर विचार करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)